दिल्ली-यूपी में पहुंचने वाला है मानसून, बिहार समेत 12 राज्यों में गुरुवार को आंधी के साथ बारिश के आसार

Weather news: देश के ज्यादातर हिस्सों में इस समय मॉनसून सक्रिय होने के कारण बारिश देखने को मिल रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक गुरुवार (2 जुलाई) को देश के करीब 19 राज्यों में झमाझम बारिश का अनुमान है. IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2 दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के अलावा पंजाब और राजस्थान के कईं और इलाकों में पहुंचने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश देखने को मिली.

गुरुवार को देश के इन हिस्सों में होगी बारिश

इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 2 जुलाई को कई राज्यों में आंधी के साथ बारिश का अनुमान लगाया है. महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गुरुवार को झमाझम बारिश हो सकती है. 2-7 जुलाई के दौरान बिहार में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिहार में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 

वहीं, 2 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की संभावना है. गुजरात, कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी गुरुवार को तेज बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में 2 जुलाई को बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और आंधी-तूफ़ान की संभावना है क्योंकि इस इलाके में मानसून की स्थिति मज़बूत हो रही है. गुरुवार को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे. दोपहर से पहले 40-50 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है. कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32°C से 34°C और 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है.  

मुंबई और महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम

मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में 2 जुलाई से 4 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने मुंबई समेत कोंकण इलाके के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, क्योंकि यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. 2 जुलाई से 4 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. 

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून ने रफतार पकड़ ली है. बृहस्पतिवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *