President Droupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज (शनिवार, 20) जन्मदिन है. इस मौके पर उन्हें देशभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं. नेताओं के साथ ही आम लोग भी राष्ट्रपति शुभकामनाएं दे रहे हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हें दी हैं. पीएम ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू का जीवन साहस, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल. पीएम ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की साथ ही ये भी कहा कि ओडिशा में आज होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति से मिलने के लिए वो उत्सुक हैं.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कहा ‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. साहस, सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से भरी उनकी जीवन-यात्रा देशभर के लोगों को प्रेरित करती रही है’.
‘हाशिए पर रहने वालों के कल्याण के प्रति समर्पित’
पीएम ने आगे कहा ‘सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने देश की बेहतरीन सेवा की है, और वे विशेष रूप से वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित रही हैं. भारत के विकास के प्रति उनका अटूट समर्पण बहुत प्रेरणादायक है. ईश्वर उन्हें देश की सेवा में लंबा और स्वस्थ जीवन प्रदान करे. मैं आज ओडिशा में होने वाले कार्यक्रम में उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूं’.
राजनाथ सिंह ने कहा- जनसेवा की सच्ची भावना का प्रतिनिधित्व करती हैं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन समाज की सेवा और लोगों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित किया है. उन्होंने कहा कि समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और नागरिकों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें जनसेवा की सच्ची भावना का प्रतीक बनाती है.
उपराष्ट्रपति ने बताया जनसेवा और सामाजिक न्याय की प्रेरणा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति मुर्मु को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा वंचित वर्गों के हितों की वकालत की है और खुद को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है. उन्होंने कहा कि समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति राष्ट्रपति की प्रतिबद्धता देशभर के लोगों को प्रेरित करती है. उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मु के दीर्घायु, स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण देश के अनगिनत लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है.
ओम बिरला ने राष्ट्रपति के नेतृत्व की सराहना की
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपति मुर्मु को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि साधारण परिवेश से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक की उनकी यात्रा करोड़ों भारतीयों, विशेषकर महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में उनका गरिमामय नेतृत्व, संविधान के प्रति अटूट निष्ठा और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता देशवासियों का मार्गदर्शन करती है.
एस. जयशंकर ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति मुर्मु को जन्मदिन की बधाई देते हुए जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
योगी आदित्यनाथ ने जनजातीय समाज के प्रति समर्पण को सराहा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु का सादगीपूर्ण जीवन, जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति समर्पण और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा देशवासियों के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने भगवान जगन्नाथ से राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की.
रेखा गुप्ता ने बताया नारीशक्ति की प्रतीक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति मुर्मु को राष्ट्र की प्रेरणा और सेवाभाव की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि संघर्ष से शिखर तक की उनकी यात्रा अनुकरणीय है. उन्होंने राष्ट्रपति को नारीशक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की.
हिमंता बिस्वा सरमा ने राष्ट्र निर्माण में योगदान को सराहा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु शालीनता, बुद्धिमत्ता और गरिमा की प्रतिमूर्ति हैं. उनका जीवन-सफर लोकतंत्र, समावेशिता और दृढ़ता का सशक्त उदाहरण है. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती है.
अन्य नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राष्ट्रपति मुर्मु के जीवन-सफर, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संविधान के आदर्शों के प्रति उनके समर्पण की सराहना की. वहीं, अल्पसंख्यक कार्य एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुख और सफलता की कामना की.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानें आज का लेटेस्ट प्राइस