फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत, जल्द ही दिखेंगा घने कोहरे का असर

 नई दिल्‍ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत जारी है। दिल्ली में छह दिन से तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस दौरान शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी लोगों के लिए राहत लेकर आई। अधिकतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा। तेज सतही हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे में काफी कमी आई, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, घने कोहरे और सर्दी का असर शनिवार से ही देखने को मिलेगा। लेकिन हाड कंपा देने वाली सर्दी का असर 15 जनवरी से शुरू होगा। मौसम विभाग ने 17 से 19 जनवरी तक घने कोहरे व शीत लहर की स्थिति की भविष्यवाणी की है। इस दौरान न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक गिर जाएगा।

18 और 19 डिग्री को तो न्यूनतम तापमान चार व उससे कम रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। लेकिन अब इस विक्षोभ का असर कम होगा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.5 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन भर आंशिक रूप से बादलों ने डेरा डाले रखा। शाम होते-होते सर्द हवाओं ने ठिठुरन को बढ़ा दिया। दिल्ली सहित एनसीआर के इलाकों में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 12.3, फरीदाबाद में 11.9, गाजियाबाद में 11.1 व नोएडा में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को आंशिक रुप से बादल छाए रहने व मध्यम स्तर के कोहरे का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *