इस फल के बीज भी हैं सेहत के लिए लाभकारी…

हेल्‍थ। मौसमी फलों का सेवन करना हमें कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ देता है। हर किसी को बेहतर सेहत के लिए इसे आहार में जरूर शामिल करना चाहिए। फल न सिर्फ आपके पोषक तत्वों की जरूरत को पूरा करने में सहायक हैं साथ ही यह कई तरह की बीमारियों के जोखिम को भी कम करते हैं। कुछ फलों के साथ-साथ उसके बीजों को भी सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी माना जाता है। खरबूजा ऐसा ही एक बेहद पसंदीदा और स्वास्थ्यवर्धक फल रहा है।

खरबूजा, मुख्यरूप से गर्मियों में मिलने वाला फल है। इसमें हल्का मीठा और पानी जैसा स्वाद होता है, इसे हाइड्रेशन के लिए बहुत कारगर माना जाता है। खरबूजा या मस्कमेलन के फल के साथ इसके बीजों को भी फायदेमंद माना जाता है। इस फल में कार्बोहाइड्रेट, डायट्री फाइबर, विटामिन ए, सी, बी और मैग्नीशियम, मैंगनीज, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को कई प्रकार के लाभ दे सकते हैं।
आइए खरबूजा खाने से होने वाले फायदे और इसके साइड-इफेक्ट्स के बारे में जानते हैं-

हाइड्रेशन और इम्युनिटी के लिए फायदेमंद :-

खरबूजे में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ आवश्यक पोषक तत्वों की भी पूर्ति करता है। यह शरीर को ठंडा रखने के साथ गर्मी से भी बचाता है। इसके अलावा खरबूजा प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने में भी मदद करता है, जिससे शरीर को बीमारियों से लड़ने में आसानी होती है। यह विटामिन सी और विटामिन ए से भरपूर होता है जो शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं को उत्तेजित करके प्रतिरक्षा को बढ़ावा देता है।

आंखों और हृदय की सेहत के लिए बेहतर:-

खरबूजा विटामिन-ए से भरपूर होता है, इसलिए इसे आंखों की स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। यह हमारी दृष्टि में सुधार करने और मोतियाबिंद को रोकने में मदद करता है। अध्ययनों से पता चलता है कि हाई विटामिन-ए वाले खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन से मोतियाबिंद का जोखिम 40% तक कम किया जा सकता है। इसके अलावा ये पोटेशियम से भी भरपूर होते हैं जो रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक है।

खरबूजे के बीज के लाभ:-

खरबूजे के फल के साथ इसके बीज के भी लाभ हैं। खरबूजे के बीज पोटेशियम से भरपूर होते हैं जो रक्तचाप को नियंत्रित रखने में सहायक है। इसके अलावा इन बीजों में फोलेट की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है जो गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक है। खरबूजे के बीज उन लोगों के लिए वरदान हैं जो अक्सर एसिड रिफ्लक्स या पेट की अन्य समस्याओं से पीड़ित रहते हैं।

खरबूजे के संभावित साइड-इफेक्ट्स:-

वैसे तो खरबूजे के कोई नुकसान नहीं होते हैं, लेकिन कुछ स्थितियों में इसके कारण स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम हो सकता है। खरबूजे का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 72 होता है, जो काफी अधिक है, ऐसे में यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है। इसके अलावा कुछ चीजों के साथ खरबूजे के सेवन के कारण गैस्ट्रो की समस्या जैसे कब्ज या अपच का खतरा हो सकता है, इससे बचाव किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *