Silvassa: केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के सिलवासा में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक गोदाम में हुए भीषण सिलेंडर विस्फोट ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि पांच से अधिक 6 गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना देमनी रोड स्थित एक गोदाम में हुई, जहां कथित तौर पर नाइट्रोजन गैस सिलेंडरों की रीफिलिंग का काम चल रहा था.
रीफिलिंग के समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे के करीब नाइट्रोजन गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग का काम किया जा रहा था. तभी एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना भीषण था कि गोदाम का मलबा सड़क तक आ गिरा और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट का असर इतना तीव्र था कि लोगों को झटका भूकंप जैसा महसूस हुआ.
मौके पर पहुंचा दमकल विभाग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
हताहतों की जानकारी और बचाव अभियान
इस भीषण विस्फोट में जान गँवाने वालों में गोदाम का मैनेजर भी शामिल बताया जा रहा है. प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या गोदाम में गैस रिफिलिंग के लिए जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं.
इसे भी पढ़ें:-नर्सिंग ऑफिसर के हजारों पदों पर भर्ती, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन