छठ घाट पर नहाते समय डूबने से चार बच्चों की मौत

झारखंड। गिरिडीह जिले में उसरी नदी के छठ घाट पर डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद चार घरों में मातम पसर गया है। मृतकों में अजय शर्मा की बेटी दीक्षा कुमारी (6 वर्ष), पिंकु सिंह की बेटी सोनाक्षी कुमारी (7 वर्ष), मदन सिंह की बेटी सुहाना कुमारी (9 वर्ष) महेश सिंह का बेटा मुन्ना कुमार (10 वर्ष) शामिल हैं। यह घटना सदर प्रखंड के मंगरौडीह स्थित उसरी नदी में हुई है। बच्चों के परिजनों ने बताया कि चारों बच्चे अपनी मां के साथ छठ पूजा की तैयारी करने घर से 200 फीट दूर नदी पर स्थित छठ घाट गए हुए थे। मां पूजा की तैयारी कर रहीं थीं। इस दौरान बच्चे खेलने में व्यस्त हो गए। मां कपड़े धोकर लौट आईं और बच्चे वहीं रह गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक घंटे बाद भी जब बच्चे घर नहीं लौटे तो लोग उन्हें खोजने लगे। तब लोगों ने बच्चों को खोजने के लिए नदी के घाट पर गए। उन्होंने वहां एक बच्चे का शव पानी में तैरते हुए देखा। इसके बाद जब तलाश की गई तो सभी बच्चे वहां नीचे मृत मिले। इसके बाद एक-एक कर बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में 10 फीट गहरी खोह है। इसका अंदाजा बच्चों को नहीं लग सका और सभी उसी में समा गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *