प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की वित्त मंत्री ने की सराहना

लखनऊ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि यूपी में आयकर रिटर्न भरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पिछले पांच वर्षों में छह गुना वृद्धि हुई है। टैक्स कलेक्शन भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ता है, तो विकास व कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च बढ़ाने में मदद मिलती है। यूपी को केन्द्र सरकार से केंद्रीय करों में हिस्सेदारी की जो धनराशि आगामी मार्च में मिलने वाली थी, उसे हमने अभी जारी कर दिया है, जिससे कि प्रदेश में अब स्थापना परियोजनाओं में बाधा न आए। यूपी को इससे 17056.66 करोड़ रुपये एकमुश्त मिल गए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आयकर विभाग के अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित कार्यालय प्रत्यक्ष कर भवन का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रही थीं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यूपी में टैक्स कलेक्शन तेजी से बढ़ा है। यूपी ईस्ट में 21.83 लाख लोगों ने 31 मार्च 2021 तक रिटर्न फाइल किया है। 1.63 लाख नए लोग जुड़े हैं। 2016 में 3.80 लाख लोगों ने रिटर्न फाइल किया था। इन पांच वर्षों में छह गुना रिटर्न बढ़ा है। उन्होंने कहा कि टैक्स वसूली का काम उस मधुमक्खी की तरह होना चाहिए जो बिना फूल को नुकसान पहुंचाए शहद निकाल लेती है। उन्होंने कहा कि टैक्स कलेक्शन बढ़ता है तो जनता को उसका लाभ देखने को मिलता है। उत्तर प्रदेश में मार्च 2022 तक गरीबों को फ्री में राशन दिया जाएगा। यूपी सरकार ने इसके लिए 79,000 करोड़ का अनाज खरीदा है। 33 हजार ग्राम पंचायतों को हर घर जल योजना पहुंचाई जा रही है। मुफ्त इलाज व मुफ्त वैक्सीन दी जा रही है। 42 लाख लोगों को पीएम आवास दिया गया। 90 लाख विधवाओं, दिव्यांगों आदि को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। हर घर बिजली पहुंचाई गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यूपी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रे-वे को पूरा किया। नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। इसी तरह अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर वाली परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को केन्द्र सरकार की ओर से जो धनराशि मार्च के महीने में मिलने वाली थी, उसे हमने अभी जारी कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *