Weather Alert: मॉनसून की गतिविधियां अब पहले के मुकाबले कमजोर पड़ रही हैं, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है. मौसम विभाग ने 20 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में बिजली कड़कने का भी अनुमान है.
दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगह बौछारें पड़ सकती है. ये सिलसिला आने वाले कुछ दिनोंतक जारी रह सकता है. जबकि 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, कानपुर, गौतमबुद्ध नगर, सीतापुर, सहारनपुर, गोंडा, बिजनौर, रामपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में तेज बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी की चेतावनी है. सागर, नरसिंहपुर, मंडला, नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल और आसपास के इलाकों में मौसम खराब रह सकता है. हवाओं की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
राजस्थान के टोंक, करौली, पाली, दौसा, भरतपुर, कोटा, धौलपुर और उदयपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. जयपुर में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है.
बिहार और गुजरात में भी अलर्ट
बिहार के 17 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जामनगर और देवभूमि द्वारका समेत 8 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कई जिलों में भी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली चमकने और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़ें:-राष्ट्रीय अभियंता दिवस आज, सीएम योगी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अभियंताओं को दी बधाई