Manipur Clash: हिंसा को लेकर पूर्व सैन्य अधिकारियों ने जताई चिंता, केंद्र से की तुरंत ध्यान देने की अपील

Manipur News: मणिपुर में एक महीने से भी ज्‍यादा समय बितने के बाद भी लगातार हो रही हिंसा को देखते हुए अब पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी चिंता जाहिर की है। पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने केंद्र सरकार से मणिपुर के हालात पर तुरंत ध्यान देने की मांग की है। वहीं एक रिटायर्ड सैन्य अधिकारी ने मणिपुर के मौजूदा हालात को काफी गंभीर बताया है। बता दें कि एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी मणिपुर में हालात काबू में नहीं आ पा रहे हैं। हथियारबंद विद्रोहियों की सुरक्षाबलों के साथ झड़पों की कई खबरें सामने आ चुकी हैं।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने जताई चिंता  

मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एल निशिकांत सिंह ने अपने ट्वीट  में कहा कि ‘मैं एक आम भारतीय हूं और एक रिटायर्ड जिंदगी जी रहा हूं। राज्य में कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। लोगों की जिंदगी, उनकी संपत्ति कभी भी किसी के द्वारा नष्ट की जा सकती है। ऐसा लग रहा है कि मणिपुर को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। क्या कोई सुन भी रहा है?’

पूर्व सेना प्रमुख ने पीएम, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री को किया टैग
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल निशिकांत सिंह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने कहा कि ‘मणिपुर के एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल से बात हुई और वह बहुत दुखी थे। मणिपुर में कानून व्यवस्था पर शीर्ष स्तर पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।’ अपने इस ट्वीट के साथ वेद मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को टैग किया।

मालूम हो कि मणिपुर में बीती 3 मई को ट्राइबल सॉलिडेरिटी मार्च के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में अभी तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है। बीते गुरुवार को ही उपद्रवियों के एक भीड़ द्वारा केंद्रीय मंत्री के आवास में आग लगा दी गई। इस घटना के मद्देनजर केंद्र ने भारी संख्या में मणिपुर में सुरक्षा बलों की तैनाती की हुई है लेकिन केंद्र के तमाम कोशिशों के बावजूद भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *