Asian Championships: तूर और पारूल ने जीता गोल्ड मेडल, झांसी की शैली को रजत

Sports News: भारतीय गोला फेंक एथलीट तेजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक बरकरार रखते हुए महाद्वीपीय सर्किट में अपना दबदबा कायम रखा। हालांकि दूसरे थ्रो में सर्वश्रेष्ठ प्रयास के बाद ग्रोइन हिस्‍से में चोट लगने के बाद वह लंगड़ाते हुए बाहर आए।

एशियाई रिकॉर्डधारी तूर ने दूसरे थ्रो में 20.23 मीटर की दूरी नापकर लगातार दूसरी बार स्‍वर्ण पदक जीता। तूर यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं ज‍बकि कुल तीसरे खिलाड़ी हैं। ईरान के साबेरी मेहदी (19.98 मीटर) ने रजत पदक और कजाखस्तान के इवान इवानोव (19.87 मीटर) ने कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत के खाते में अब तक नौ पदक हो गए हैं, जिनमें पांच स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हैं। बता दें कि वर्ष 2019 में भारत ने 16 पदक जीते थे।

28 साल के तूर तीसरे गोला फेंक एथलीट हैं जिन्होंने एशियाई एंथलेटिक्‍स चैंपियनशिप में अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। कतर के बिलाल साद मुबारक ने 1995 और 1998 तथा 2002 और 2003 में दो बार लगातार स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि दो बार अपने नाम की है। कुवैत के मोहम्मद घारिब अल जिंकावी ने लगातार तीन बार 1979, 1981 और 1983 में पहला स्थान हासिल किया था। तूर ने पिछले महीने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय चैंपियपशिप में 21.77 मीटर के नए एशियाई रिकॉर्ड थ्रो से विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया था।

मेरठ की पारूल को स्वर्ण, झांसी की शैली को रजत
3000 मीटर स्टीपलचेज में उत्तर प्रदेश के मेरठ की पारूल चौधरी ने स्वर्ण जीतकर किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में पहली बार खिताब जीता। झांसी की लंबी कूद की खिलाड़ी शैली सिंह ने 6.54 मीटर की छलांग के साथ रजत जीतकर एशियाई चैंपियनशिप में पहली बार पदक जीता। जापान की सुमिरे हाता (6.97) ने स्वर्ण और चीन की झोंग (6.97) ने कांस्य पदक जीता। भारत की एंसी सोजन (6.41)चौथे स्थान पर रहीं। पारूल ने इस साल अमेरिका में ट्रेनिंग की थी। उन्होंने यहां नौ मिनट 38.76 सेकंड का समय लिया। वह अपने श्रेष्ठ समय 9:29.51 सेकंड के करीब थीं। चीन की शुआन शुआंग (9:44.54) और जापान की योशीमूरा (9:48.48) को पछाड़ा।

शैली का सीनियर स्तर पर पहला पदक 
दिग्गज अंजू बॉबी जॉर्ज से ट्रेनिंग लेने वालीं उन्नीस साल की लंबी कूद की खिलाड़ी शैली सिंह की यह सीनियर स्तर पर पहली बड़ी प्रतियोगिता थी जिसमें उन्होंने रजत पदक जीता था। उन्होंने 2021 में विश्व जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इस साल उन्होंने 6.76 की छलांग लगाई थी। शुक्रवार को शैली ने पहले ही प्रयास में 6.54 मीटर की छलांग लगाई थी और स्पर्धा के मध्य में वह सबसे आगे चल रही थी लेकिन जापान की सुमिरे ने चौथे प्रयास में 6.74 की छलांग लगाई और छठे एवं अंतिम प्रयास में इसे 6.97 के साथ और बेहतर कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *