UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी जिलों में सिविल डिफेंस के गठन का बड़ा फैसला लिया है। यूपी सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, सभी 75 जिलों में सिविल डिफेंस का गठन किया जाएगा।
डीएम के माध्यम से पदों का सृजन
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लिए गए फैसले के मुताबिक, सिविल डिफेंस के गठन के लिए जिलाधिकारी को यह जिम्मेदारी दी गई है। राज्य के सभी जिलों में सिविल डिफेंस के लिए पदों का सृजन डीएम के माध्यम से किया जाएगा।
75 जिलों में सिविल डिफेंस का गठन
उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 1962 के बाद पहली बार प्रदेश के सभी 75 जिलों में सिविल डिफेंस का गठन करने के फैसले को मंजूरी दी है। साल 1962 में उत्तर प्रदेश के 15 नगरों में सिविल डिफेंस की स्थापना हुई थी। इसके बाद साल 2015 में प्रदेश के 9 जिलों में सिविल डिफेंस विभाग का विस्तार किया गया था। वहीं, अब राज्य के 49 जनपदों में सिविल डिफेंस स्थापना की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जानें सिविल डिफेंस के बारें मे
सिविल डिफेंस का काम मुश्किल के समय में लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना होता है। सिविल डिफेंस किसी भी आपातकालीन स्थिति के समय लोगों की सुरक्षा, नुकसान को कम करने और इसके बाद स्थिति को सामान्य करने में भी अहम भूमिका निभाता है।
सिविल डिफेंस का मुख्य उद्देश्य
- देश के आम लोगों के जीवन की रक्षा करना।
- देश और नागरिकों की संपत्ति को होने वाले नुकसान को कम करना।
- नागरिकों के मनोबल को बना के रखना। सुरक्षा और एकजुटता की भावना को बढ़ावा देना।
- किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयारी करना और लोगों को इसके बारे में जागरूक करना।
इसे भी पढ़ें: Delhi: मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानिए आज किन राज्यों में होगी वर्षा