गन्ने की ये किस्में देंगी बंपर पैदावार, बुवाई से पहले जान लें पूरी लिस्ट

Sugarcane Farming: गन्ने की खेती में सिर्फ खाद, पानी और मेहनत ही काफी नहीं है. अगर बीज की किस्म गलत चुन ली, तो पूरी मेहनत पर पानी फिर जाएगा. कई बार किसान जानकारी के अभाव में ऐसी प्रजाति लगा देते हैं, जो उनके इलाके की मिट्टी और मौसम के हिसाब से होती ही नहीं. नतीजा, फसल में कीट-रोग लग जाते हैं, गन्ना पतला रह जाता है और समय से पहले सूखने लगता है.इसीलिए गन्ना आयुक्त और उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद ने किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है. बुवाई से पहले अपने जिले के लिए स्वीकृत किस्मों की जानकारी जरूर लें, नहीं तो भारी नुकसान हो सकता है.

अलग-अलग किस्मों को मिलाकर बोना भी खतरनाक

गन्ने की खेती में एक और बड़ी गलती किसान कर रहे हैं – अलग-अलग प्रजातियों को मिलाकर बुवाई कर देना. इससे फसल की बढ़वार और गुणवत्ता दोनों पर बुरा असर पड़ता है. गन्ना शोध परिषद ने साफ कहा है कि किसान अपने जिले के लिए स्वीकृत किस्मों में से ही अपने खेत के हिसाब से प्रजाति चुनें.

कम समय में ज्यादा मुनाफा

जो किसान कम समय में गन्ने की फसल तैयार करना चाहते हैं, वे इन जल्दी पकने वाली किस्मों को चुन सकते हैं:को.शा. 23232, 13235, 17231, 18231, 19231, 8272, 13231, 88230, 8432इसके अलावा को.से. 17451, 95422, 03234, 01421, को.लख. 21201, 14201, 94184, 12207, 15466, 16466 भी प्रमुख किस्में हैं.किसान यू.पी. 9453, यू.पी. 05125, को.पी. 17437, 11438 और को. 0118, 98014 व 0238 के बारे में भी जानकारी ले सकते हैं.सबसे खास – नई किस्म को.शा. 23232: इसकी पैदावार क्षमता करीब 950 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है. यह पुरानी चर्चित किस्म को.0238 से भी ज्यादा उत्पादन दे सकती है.

देर से पकने वाली किस्में

मध्यम और देर से तैयार होने वाली किस्मों में ये शामिल हैं:को.शा. 19235, 18232, 14233, 15233, 16233, 9232, 12232, 8276, 8279, 8432, 767इनके अलावा को.से. 13452, 11453, 8452, 1434, को.लख. 12209, 16470 और को. 5011 भी स्वीकृत किस्मों में शामिल हैं.

को.0238 को लेकर बड़ी चेतावनी!

को.0238 बीज गन्ने की सबसे ज्यादा बिकने वाली किस्म रही है, लेकिन अब इस पर रोगों का खतरा बढ़ गया है. गन्ना शोध संस्थान ने इसके बीज का वितरण नहीं करने की जानकारी दी है. ऐसे में किसान नई बुवाई के लिए स्वस्थ और रोगमुक्त किस्मों को ही प्राथमिकता दें.

टिश्यू कल्चर पौधों में भी बरतें सावधानी

दूसरे राज्यों से टिश्यू कल्चर के पौधे लाने में भी सावधानी बरतनी चाहिए. गन्ना विकास सलाहकार के अनुसार, महाराष्ट्र में फैले रोग के उत्तर प्रदेश तक पहुंचने का खतरा हो सकता है. इसलिए बिना जांच और रोगमुक्त होने की पुष्टि किए बाहर से पौधे बिल्कुल न लाएं.

इसे भी पढ़ें:-भगवा वेश में योगी को देख भावुक हो गई थीं मां, सीएम योगी ने साझा की जिंदगी की सबसे मार्मिक याद