सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन आज, सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने दी बधाई

Akhilesh yadav birthday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बुधवार (01 जुलाई) को जन्मदिन है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मदिन के अवसर पर उनको बधाई दी है. अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दी जन्मदिन की बधाई

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और आदि देव महादेव की कृपा आप पर बरसे और आप सदैव स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों.

मायावती ने क्या लिखा?

उधर, बसपा चीफ मायावती ने लिखा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में सपा सांसद अखिलेश यादव को आज उनके जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई एवं उनके अच्छे जीवन व लम्बी उम्र की शुभकामनायें.


अखिलेश का जन्म

बता दें कि अखिलेश यादव का जन्म एक जुलाई 1971 को यूपी के इटावा जिले में उनके पैतृक गांव सैफई में हुआ था. उन्होंने साल 2012 में यूपी के सीएम के तौर पर शपथ ली थी. अखिलेश यूपी में सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने थे. अब अखिलेश पर 2017 में सत्ता से दूर हुई समाजवादी पार्टी को वापस सत्ता में लाने का दारोमदार है. पिता मुलायम के निधन के बाद वह सपा की कमान संभाल रहे हैं. यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं.

सपा 2017 में हुई थी सत्ता से बाहर

सपा ने साल 2012 में बसपा को हराकर सत्ता में वापसी की थी. इसके कुछ समय बाद मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश को सीएम बना दिया था. उस समय मुलायम सिंह यादव के इस फैसले ने कई लोगों को चौंका दिया था. लेकिन साल 2017 में सपा यूपी की सत्ता से बाहर हो गई. कई लोगों का मानना था कि परिवार में फूट और पार्टी में गुटबाजी के कारण यह हार हुई थी.

अखिलेश ने साल 2000 में रखा था राजनीति में कदम

अखिलेश यादव ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई सैफई और इटावा से की थी. इसके बाद वह राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल में पढ़े. अखिलेश ने कर्नाटक की मैसूर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन भी किया है. उन्हें स्कूल के समय से ही फुटबॉल और क्रिकेट खेलने का काफी शौक था. सपा प्रमुख ने साल 2000 में कन्नौज लोकसभा सीट जीतकर राजनीति में कदम रखा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *