Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महुली गांव में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया. यहां 100 वर्ष पुराना एक जर्जर मकान अचानक भरभरा कर गिर गया. इस भीषण दुर्घटना में सो रहे एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक युवक सुरक्षित बच गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60 वर्ष) का मकान काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था. रोज की तरह बुधवार की रात भी परिवार के लोग मकान में गहरी नींद में सो रहे थे. इसी दौरान बारिश के बीच करीब दो बजे मकान ढह गया. हादसे के बाद मलबे में दबे लोगों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी. कुछ ही देर में पुलिस के साथ ही अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की टीम मौके पर पहुंच गई.
पुलिस और राहत कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में एक दंपत्ति, उनका बेटा, बहू और 2 बच्चे शामिल हैं.
इस हादसे में अपनी जान गंवाने वालों की पहचान प्रमोद श्रीवास्तव, रीता, नितिन, माधुरी, माधव और अद्विक के रूप में हुई. वहीं, हादसे के दौरान परिवार के ही अमन (पुत्र प्रमोद, उम्र 28 वर्ष) बाल-बाल बच गए. उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इसे भी पढे़ं:-MLA उमाशंकर सिंह के निधन पर राजनीतिक गलियारे में शोक, CM योगी सहित कई नेताओं ने जताया दुख