UP News: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमले का प्रयास किया. यह घटना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा में सोमवार रात हुई. गनीमत रही कि बदमाशों द्वारा पिस्टल का ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली ‘मिस’ हो गई, जिससे पूर्व मंत्री की जान बाल-बाल बच गई.
फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने रोक दी मंत्री की गाड़ी
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार , भाजपा नेता व पूर्व मंत्री मदन चौहान कल रात हिरणपुरा गांव में एक सगाई समारोह में सम्मिलित होने जा रहे थे. जैसे ही वह गांव के करीब पहुंचे, एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार 3-4 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. मदन चौहान ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ अभद्रता की और उन पर पिस्टल तान दी. बीजेपी नेता मदन चौहान के अनुसार, बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल का ट्रिगर दबने के बावजूद गोली नहीं चल पाई.
सुरक्षाकर्मियों के उतरते ही आरोपी फरार
घटना के दौरान कार में मौजूद सुरक्षाकर्मी बाहर निकले और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूर्व मंत्री ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा जताया है और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल शुरू की. साथ ही संदिग्धों की तलाश में दबिश दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.
इसे भी पढे़ं:-कभी भी गलती से न करें ये काम, जो धीरे-धीरे बना देती हैं कंगाल