UP News: उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में सोमवार को चंद्रावल नदी में नहाने गए 2 सगे भाई-बहन समेत 3 किशोरों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस के अनुसार, हादसा जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कला गांव के पास बह रही चंद्रावल नदी में हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे गांव के पास बहने वाले चंद्रायल नदी में नहाने गए थे. जहां वे गहरे पानी में चले गए. कुछ दूरी पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्चों को डूबता देख बचाने की कोशिश की, लेकिन किसी की जान नहीं बचा सके.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकलवाया. आननफानन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान गौरी कला गांव निवासी रामशंकर विश्वकर्मा की बेटी माधुरी (14), उसके छोटे भाई अंशु (10) तथा कानपुर नगर जिले के घाटमपुर निवासी पंकज के पुत्र प्रतीक (13) के रूप में हुई है.
पुलिस ने तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं. प्रशासन ने आम जनमानस से बच्चों को जल स्रोतों से दूर रखने की अपील की है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
इसे भी पढ़ें:-ममता राज में हुए भ्रष्टाचार की लगातार खुल रही पोल, बनर्जी के चहेते को केरल से घसीट लाई पुलिस