यूपी में बदला मौसम का मिजाज, पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के आसार

UP Weather: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया हैं. प्रदेश में आसमान साफ बना हुआ हैं और चुभन भरी धूप निकल रही हैं, जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ हैं. यूपी के अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है. इसी बीच 14 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होता दिख रहा हैं. जिससे मौसम में बदलाव आएगा और कई जिलों मे आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई हैं. 

यूपी में कब होगी बारिश

IMD के अनुसार यूपी में 15 और 16 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है. साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर दो दिन येलो अलर्ट भी जारी किया है. बारिश में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है. जिससे गर्मी से भी हल्की राहत मिल सकती है.

यूपी के सबसे गर्म जिले

पिछले 24 घंटे के दौरान यूपी में सबसे गर्म जिला बांदा दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. जिसके बाद झांसी में 38.3 डिग्री, आगरा में 38.2 डिग्री, ओरई में 37.6 डिग्री और हमीरपुर में 37.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी बांदा में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

काशी-गोरखपुर समेत 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अतुल कुमार सिंह ने बताया- बारिश का मुख्य असर तराई इलाकों और पूर्वांचल में देखने को मिल सकता है. तराई क्षेत्र लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और पीलीभीत और पूर्वांचल क्षेत्र के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, वाराणसी, कानपुर, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और आजमगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

तेज धूप में बाहर निकलने से बचें

डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. किसानों के लिए मौसम मिलाजुला असर डाल सकता है. हल्की बारिश जहां फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, वहीं तेज गर्मी और हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है.

अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
  • 14 मार्च- पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि, तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
  • 15 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
  • 16 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ने के आसार हैं.
  • 17 मार्च- पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा. पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है.

इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: डीजल-पेट्रोल के दामों का लेटेस्‍ट अपडेट, आपके शहर में क्‍या है ईंधन का रेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *