Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रवास के दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में डेढ़ सौ से अधिक लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. यूपी के अलग-अलग जिले से आईं अधिकतर महिलाओं ने सीएम को समस्याओं से अवगत कराया. कई मामलों में सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई, जांच और गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
प्रशासन और पुलिस को चेतावनी
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनके मामलों में गलत रिपोर्ट लगाई गई है. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत जांच कर दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर प्रकरण को जानबूझकर लंबित रखा गया है या पीड़ित की मदद में शिथिलता बरती गई है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की हीलाहवाली स्वीकार नहीं की जाएगी.
गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर तो दर्ज हो एफआईआर
हर बार की तरह इस बार भी जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें. इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को प्यार-दुलारकर सीएम योगी ने उन्हें चॉकलेट दिया और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया.
गौशाला में की गौ-सेवा
इससे पहले सीएम योगी गौशाला भी पहुंचे और यहां पर गोसेवा की. उन्होंने गायों को गुड़, बिस्कुट और रोटी खिलाकर उन्हें दुलार किया. यहां बता दें कि अपने प्रवास के दौरान वे गौ-सेवा जरुर करते हैं. वे खुद सभी गायों और गौ-वंश को लेकर सजग रहते हैं, जिससे कर्मचारी भी अलर्ट रहते हैं.
कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण
इसके अलावा आज सीएम योगी आदित्यनाथ कल्याण मंडपम का लोकार्पण व आवास आवंटियों को प्रमाणपत्र सौपेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न 3 बजे वार्ड नम्बर 22 जंगल तुलसीराम बिछिया में 1120 वर्गमीटर में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने दो मंजिला कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का लोकार्पण करेंगे. 626 वर्गमीटर में बने कल्याण मंडपम में भूतल पर 300 लोगों के बैठने की क्षमता का हाल, किचन, स्टोर, आफिस बना है.
इसे भी पढ़ें:-ऊंचे पहाड़ों पर जाना हो सकता है खतरनाक, जानें कितनी ऊचाई पर होता है ‘डेथ जोन’