नशा त्याग कर अच्छे समाज के निर्माण में बनें भागीदार: पंकज जी महाराज

Ghazipur: ‘‘जगेगा भारत, जगेगा भारत, भारत जगाने आ रहा।’’ परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के संदेशों को साकार करते हुए जयगुरुदेव नाम की महिमा सुनाते हुए सन्त पंकज जी महाराज अपने 83 दिवसीय यात्रा के  पड़ाव पर कल सायंकाल मलसा (ढढनी मोड़) शहनाई मैरेज हॉल के सामने, थाना- सुहवल, ब्लॉक व तहसील जमानिया पहुंचे। आज यहां आयोजित सत्संग सभा में अपने सम्बोधन में सन्त जी ने कहा कि गृहस्थ आश्रम सबसे अच्छा आश्रम है। इसमें रहकर मेहनत ईमानदारी से अपना जीवन यापन करें। 24 घण्टे में से घण्टा, दो घण्टा समय निकाल कर भगवान की भक्ति करके आत्मा का कल्याण कर लें।

आप सभी भूल गये कि मां के गर्भ से बाहर आने से पहले सभी ने भगवान से भजन का वादा किया था। लेकिन पैदा हाने के बाद जब बड़े हुए तो पिछले जन्मों के कर्मों का पर्दा पड़ गया और भगवान से किये गये वादे को भूल गये। इसी शरीर को अपने आपको मानकर इसी से सम्बन्धित चीजों को इक्ट्ठा करने में लग गये। पूरा जीवन भौतिक चीजों को जुटाने में बिता दिया। रोज देखते हैं कि जीवात्मा के निकलने के बाद इस शरीर के साथ कुछ भी साथ नहीं जाता है।

महाराज जी ने कहा कि कुछ समय निकाल कर अपना काम भी कर लो, जो तुम्हारे साथ जाये। मृत्यु के समय असहनीय पीड़ा होती है, टकटकी लगाकर मरने वाला देखता है कि कोई हमारी सहायता कर दे। मगर कोई मदद नहीं कर पाता। हिंसा, अपराध, अशुद्ध खानपान से नफरत के सिवा क्या मिला, पाप के भागीदार अलग से बन गये। इसलिये सभी लोग शाकाहार, सदाचार अपनायें। नशा का त्याग करके अच्छे समाज को बनाने में भागीदार बनें। आज मांसाहार तथा नशा के सेवन के कारण समाज में तरह-तरह की बुराईयां आ रही हैं, ऐसे-ऐसे अपराध हो रहे हैं जिसके बारे में कल्पना भी नहीं कर सकते।

महाराज जी ने आगामी 3 से 5 मार्च तक होने वाले होली सत्संग मेले में आने के लिये सभी को आमन्त्रित किया। सभी आगन्तुकों को साधुवाद कहते हुए उनके जीवन की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर जंगबहादुर सिंह यादव, राम अवध यादव, उजियार राम, सहजू यादव, बचई यादव, बबलू यादव, सहयोगी संगत रायबरेली के सतीश सिंह, सुखलाल “जोगी”, होरी लाल, हीरालाल विश्वकर्मा, छंगू लाल, आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव सुजानपुर ब्लॉक रेवती के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोप. 12 बजे से सत्संग आयोजित है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *