नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा पहला मालवाहक विमान, ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ से हुआ पारंपरिक स्वागत

Noida Airport Update: उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है. बुधवार को हवाई अड्डे के रनवे पर पहला मालवाहक (कार्गो) विमान सफलतापूर्वक लैंड हुआ. चेन्नई से उड़ान भरकर यहां पहुंचे इस विशेष विमान का एयरपोर्ट पर ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ (पानी की बौछारें बरसाकर) देकर बेहद शानदार और पारंपरिक स्वागत किया गया.

अमृतसर जाने वाली फ्लाइट में 110 टिकटें बुक

एयरपोर्ट से पहले दिन 762 लोगों ने उड़ान भरी थी. पहली फ्लाइट लखनऊ से यात्रियों को लेकर आई थी और फिर बंगलुरू के लिए रवाना हुई थी. इसमें 161 लोग सवार थे. अमृतसर जाने वाली फ्लाइट में 110 टिकटें बुक हुई थीं. हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में नोएडा से 159 लोगों ने बुकिंग की थी. जबकि शाम को लखनऊ जाने वाली फ्लाइट में 146 टिकटें बुक की गई थी. किसानों को लेकर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरने वाले विमान से 186 लोगों ने यात्रा की थी.

अकासा एयर ने मुंबई और बंगलूरू के लिए सेवा शुरू की

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ान शुरू होने के अगले दिन मंगलवार को अकासा एयर ने नवी मुंबई और बंगलूरू के लिए हवाई सेवा शुरू की. इसी के साथ इंडिगो ने भी जम्मू के लिए अपनी नियमित सेवा शुरू कर दी. एयरपोर्ट पर दूसरे दिन 12 विमान उतरे और सभी अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरी. अकासा एयर की पहली फ्लाइट सुबह नवी मुंबई से सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंची. यही फ्लाइट 10:15 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुई और दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची.

एयरपोर्ट में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह

नवीं मुंबई की फ्लाइट को लेकर भी एयरपोर्ट में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. अकासा एयर ने नवी मुंबई के साथ बंगलूरू के लिए नियमित उड़ानें शुरू की हैं. दोनों मार्गों पर हर दिन उड़ानें संचालित की जाएंगी. वहीं, बंगलूरू से अकासा की फ्लाइट शाम 4:25 बजे रवाना हुई, जो शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंची. इसी फ्लाइट ने नोएडा से 7:55 बजे उड़ान भरी और रात 11 बजे यात्रियों को लेकर बंगलूरू पहुंची.

इसे भी पढ़ें:-यूपी में भीषण गर्मी को देखते हुए बढ़ाई गई स्कूलों की छुट्टियां, सीएम योगी का फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *