परिवहन मंत्री ने होनहार निशानेबाज अर्राफ के सपनों को दी उड़ान, 3.50 लाख रुपये की जर्मन मेड राइफल की भेंट

Ballia: प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी होनहार निशानेबाज अर्राफ अली को करीब 3.50 लाख रुपये की जर्मन मेड शूटिंग राइफल भेंट कर उनके सपनों को नई उड़ान दी। अत्याधुनिक राइफल मिलने के बाद अर्राफ के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने इसे अपने खेल जीवन का सबसे बड़ा तोहफा बताया। काफी प्रतिभाशाली होने के बाद भी अर्राफ आधुनिक राइफल के अभाव में अपनी तैयारी सही से नहीं कर पा रहा था।

बताया कि पिछले वर्ष परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा आयोजित खेल महाकुंभ में बातचीत के दौरान जब उन्हें यह जानकारी मिली कि बेहतर राइफल नहीं होने से खिलाड़ी की प्रैक्टिस प्रभावित हो रही है, तब उन्होंने उसे अत्याधुनिक राइफल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। अब उन्होंने अपना वादा निभाते हुए करीब 3.50 लाख रुपये की जर्मन मेड शूटिंग राइफल भेंट की। अर्राफ ने कहा कि वह राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं और अब उसका लक्ष्य भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है।

अर्राफ के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने मात्र नौ वर्ष की आयु में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद उसने जोनल और राष्ट्रीय स्तर तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अच्छी राइफल का अभाव उसके खेल जीवन की सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दूर कर दिया। इसके लिए पूरा परिवार उनका आभारी है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि किसी भी प्रतिभा को केवल संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहना चाहिए। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्राफ अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बलिया, उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *