पहली बार परेड में ड्रोन शो होगा समारोह का हिस्सा…

नई दिल्ली। पूरा देश आज धूमधाम से 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस बार का गणतंत्र दिवस खास होगा। राजधानी दिल्ली के राजपथ पर पूरी दुनिया देश की ताकत देखेगी। इस बार की परेड में कई चीजें ऐसी होंगी जो पहली बार होंगी। इस मौके पर पहली बार ड्रोन शो समारोह का हिस्सा होगा। ऐसा पहली बार होगा जब परेड आधा घंटा लेट शुरू होगी। गणतंत्र दिवस परेड का कार्यक्रम सुबह 10 बजे की जगह आधा घंटा लेट साढ़े 10 बजे से शुरू होगा। देशवासियों को अब तक के सबसे बड़े फ्लाईपास्ट का शानदार नजारा देखने को मिलेगा। राजपथ पर भारतीय वायुसेना के 75 विमान और हेलीकाप्टर इसमें शामिल होंगे। राफेल, सुखोई, जगुआर जैसे लड़ाकू विमान भी इसमें शामिल होंगे।

सेना का पहला दस्ता राजपूत रेजीमेंट के सैनिकों का होगा। इसमें जवान छठे दशक की वर्दी पहने होंगे और उनके हाथों में .303 राइफलें होंगी। दूसरा दस्ता असम राइफल्स के सैनिकों का होगा। वे सातवें दशक की वर्दी पहने होंगे ओर उनके हाथों में भी .303 राइफलें होंगी। तीसरा दस्ता जम्मू-कश्मीर लाइट इंफैंट्री रेजीमेंट के सैनिकों का होगा। वे आठवें दशक की वर्दी पहने होंगे और उनके हाथों में 7.62 मिमी की स्वचालित राइफलें होंगी। इस साल परेड में थलसेना की 61 घुड़सवार रेजीमेंट भी शामिल होगी। परेड में 16 पैदल दस्ते, 17 सैन्य बैंड, विभिन्न राज्यों, विभागों और सशस्त्र बलों की 25 झांकियां इसमें हिस्सा लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *