टीकाकरण अभियान का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया सराहना

मणिपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस समय मणिपुर के दौरे पर हैं। दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इंफाल में एक सिटी कन्वेंशन सेंटर में प्रमुख हस्तियों के साथ वार्ता में शरीक हुए। यहां उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि यह परिवार को सशक्त बनाने जैसा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राज्य में दो लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इससे यहां कई बीमारियों में कमी आई है और लोगों को पहले से अधिक स्वस्थ जीवन मिल पाया है। वहीं कोरोना रोधी टीकों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज देश में न केवल घरेलू उपयोग के लिए टीकों का उत्पादन हो रहा है बल्कि इनका निर्यात करने की तैयारी भी की जा रही है। उन्होंने टीकाकरण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि अगले तीन से चार दिन में हम 100 करोड़ आबादी का टीकाकरण कर चुके होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत 100 करोड़ टीकाकरण का एक रिकॉर्ड कायम करेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ साल पहले तक मणिपुर के अस्थिरता, असमानता और विनाश की राजनीति के लिए जाना जाता था। लेकिन आज यहां बदलाव देखने को मिल रहा है। आज यहां संवाद के माध्यम से राजनीति की भागीदारी हो रही है और राज्य लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। राज्य में कोविड-19 महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान की स्थिति को लेकर उन्‍होंने मुख्यमंत्री बीरेन सिंह को बधाई दी। यहां टीके की लगभग 17.5 लाख खुराकें दी जा चुकी हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई नए और विकासोन्मुख कदम उठाए गए हैं। नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा की जा रही है और कोरोना महामारी से उबरने के साथ आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। इंफाल में नड्डा ने भाजपा के नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *