राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे मजबूत हैं भारतीय पहलवान …

स्पोर्ट्स। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहलवानों से काफी उम्मीद है। ओलंपिक पदक विजेता पूर्व पहलवान योगेश्वर दत्त का मानना है कि रवि दहिया, बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक के नेतृत्व में भारतीय पहलवान 8 से 9 स्वर्ण पदक जीत सकते हैं। कुश्ती में भारतीय पहलवानों को सबसे बड़ी चुनौती कनाडा और नाईजीरिया से मिलेगी। इनसे निपटने के लिए हमारे एक दर्जन पहलवान कमर कसकर तैयार हैं।

पदक जीतने में कनाडा के बाद दूसरे नंबर पर है भारत:-

बर्मिंघम में भारत को मुख्य चुनौती कनाडा और नाईजीरिया से मिलेगी। कनाडा 66 स्वर्ण, 43 रजत और 26 कांस्य सहित 135 पदक जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं, 43 स्वर्ण, 37 रजत और 22 कांस्य सहित कुल 102 पदक के साथ भारत दूसरे नंबर पर है। 21 स्वर्ण सहित 42 पदक जीतकर पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है। 9 स्वर्ण सहित 42 पदक जीतने वाला नाईजीरिया छठवें नंबर पर है।

विनेश व साक्षी के लिए बड़ा अवसर:-

विनेश फोगाट और रियो ओलंपिक की कांस्य विजेता साक्षी मलिक के पास बर्मिंघम में पदक जीतने का सुनहरा अवसर है। विनेश टोक्यो ओलंपिक की निराशा को दूर कर स्वर्ण जीतने के का लक्ष्य लेकर बर्मिंघम गई हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 में होने हैं। इसलिए राष्ट्रमंडल खेलों का पदक विनेश का आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगा। मनोवैज्ञानिक से सलाह ले चुकीं साक्षी ने पिछले कुछ समय से अपने प्रदर्शन में सुधार किया है। उन्होंने सोनम मलिक और मनीषा को हराकर 62 किलो भारवर्ग में बर्मिंघम का कोटा हासिल किया।

टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया अपनी चोट से उबर गए हैं। वह अमेरिका में रहकर अपनी कमियों को दूर कर स्वर्ण के लिए दांव लगाने के लिए तैयार हैं। बजरंग ने 2018 में भी स्वर्ण पदक जीता था। वह इस बार भी स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं। टोक्यो ओलंपिक के रजत विजेता रवि दहिया (57 भारवर्ग) की कुश्ती में कलात्मकता है। वह एक हाथ और एक पैर से जीतने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा दीपक पूनिया (86 भारवर्ग), नवीन (74 भारवर्ग), दीपक (97 भारवर्ग) और मोहित ग्रेवाल (125 भारवर्ग) के पास पदक जीतने का अच्छा अवसर है।

कुश्ती दल:-

पुरुष : रवि कुमार दहिया (57 भारवर्ग), बजरंग पूनिया (65 भारवर्ग), नवीन (74 भारवर्ग), दीपक पूनिया (86 भारवर्ग), दीपक (97 भारवर्ग), मोहित ग्रेवाल (125 भारवर्ग)।
महिला : पूजा गहलोत (50 भारवर्ग), विनेश फोगाट (53 भारवर्ग), अंशु मलिक (57 भारवर्ग), साक्षी मलिक (62 भारवर्ग), दिव्या काकरान (68 भारवर्ग), पूजा सिहाग (76 भारवर्ग)।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *