बिहार में पांच नाबालिग सहेलियों ने एक साथ खाया जहर, चार की मौत, जानें क्या है मामला

Bihar: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में पांच बच्चियों ने एक साथ जहर खाने का मामला सामने आया है. जिसमें चार की मौत हो गई औऱ एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.  घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस इसके पीछे की वजह तलाश कर रही है. इलाके में चर्चा है कि पांच नाबालिग सहेलियों ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसमें चार की मौत हो गई, जबकि एक सहेली किसी तरह बच गई है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर शरीफ पंचायत के सैदपुर गांव का है. यहां गांव में एक ही साथ पांच नाबालिग बच्चियों के जहर खाने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में चार बच्चियों की मौत हो गई. बच्चियों की मौत के बाद परिजनों ने एक साथ चारों बच्चियों का अंतिम संस्कार भी कर दिया. लेकिन इस घटना की हवा पुलिस को भी नहीं लग सकी. इस मामले में ग्रामीणों ने बिल्कुल ही छुपी साध लिया है और इस संदर्भ में अपनी जुबान तक नहीं खोल रहे हैं.

पुलिस ने तहकीकात शुरू की

पांच नाबालिग बच्चियों के जहर खाने की ये पूरी घटना गुरुवार की ही बताई जा रही है. लेकिन इसकी भनक मीडिया को लग गई और खबर पब्लिश होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और गांव पहुंचकर इसकी तहकीकात शुरू कर दी. रविवार को अपराह्न दो बजे दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की.

जिंदा सहेली की तलाश में जुटी पुलिस

एक सहेली के जिंदा होने की चर्चा के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है. पुलिस का मानना है कि यदि वह मिल जाती है, तो घटना से पर्दा उठ सकता है. डीएसपी अशोक कुमार दास ने बताया कि फिलहाल कोई भी ग्रामीण जानकारी देने को तैयार नहीं है. गांव में अधिकतर महिलाएं ही मौजूद हैं, लेकिन वे भी कुछ कहने से बच रही हैं. पुलिस गुप्तचरों के माध्यम से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.

आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

रविवार को मगध रेंज के आईजी क्षत्रनील सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की और घर-घर जाकर हालात का जायजा लिया. हालांकि, महिलाएं डर के कारण कुछ भी बताने से इंकार करती रहीं. आईजी ने पुलिस-प्रशासन को हर पहलू से जांच करने का निर्देश दिया. घटना के बाद वार्ड सदस्य, पंच, सरपंच, मुखिया और आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी. मौके पर एसपी, एसडीएम अमित रंजन, एसडीओ अशोक कुमार दास, बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी, सीओ कौशल कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.

इसे भी पढ़ें:-बजट से बायोगैस और इलेक्ट्रिक वाहनों से होगी तरक्की, बढ़ेगा किसानों के आय का जरिया, कार्बन कटौती की पहल से होगा लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *