पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नहर में म‍िली लाश

Ludhiana: पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. 6 दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा हुई पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की हत्या कर दी गई है. इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिवार ने की. लहाल शव को समराला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है. 

13 मई को फोर्ड फिगो कार में ग्रोसरी लेने गई थी सिंगर

जोतइंदर सिंह के अनुसार, उनकी बहन यशइंदर उर्फ इंदर कौर 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर ग्रोसरी लेने बाजार गई थीं, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि इंदर कौर की दोस्ती मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी. अब शव मिलने के बाद पूरे मामले ने सनसनी फैला दी है और पुलिस हत्या व अपहरण के एंगल से जांच में जुट गई है.

परिवार ने लगाया बड़ा आरोप

परिवार के अनुसार, करीब तीन साल पहले इंदर कौर की सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी. बाद में इंदर को पता चला कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. इसके बाद उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था. इसी बात को लेकर आरोपित उससे रंजिश रखने लगा था. पुलिस ने 15 मई को सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था. हालांकि परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. 

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को नीलो नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया. परिजनों ने शव की पहचान पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर के रूप में की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें:-साइकिल लेकर सड़क पर निकले सीएम नायब सिंह सैनी, PM मोदी की ईंधन बचाओ अपील पर लोगों को किया जागरुक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *